सिकन्दराराऊ 06 सितम्बर। हाथरस के सिकंदराराऊ में एटा रोड पर ब्रह्मा धर्मकांटा के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार पिकअप मैक्स की टक्कर से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अलीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगरा के सदर बाजार क्षेत्र के विधीचंद नैनाना जाट, ग्वालियर रोड निवासी विष्णु ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता अशोक कुमार (47) सिकंदराराऊ क्षेत्र के इकबालपुर स्थित राजकमल पब्लिक स्कूल में पत्थर लगाने का काम करते थे। शनिवार 5 सितंबर की शाम करीब सात बजे वह सिकंदराराऊ में आटा और सब्जी खरीदने के लिए जा रहे थे।
बताया गया कि एटा रोड पर ब्रह्मा धर्मकांटा के पास सरिया से भरी एक अज्ञात पिकअप मैक्स के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अशोक कुमार को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अशोक कुमार को सिकंदराराऊ के सरकारी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में अशोक कुमार ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।













