हाथरस 06 सितम्बर। जलेसर रोड पर शनिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय इलियास की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सिकंदराराऊ से जलेसर की ओर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नन्हे को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार मोहल्ला अगराना, जलेसर, जिला एटा निवासी इलियास पुत्र जफरुद्दीन बाइक चला रहे थे। इसी दौरान जलेसर रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इलियास गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि उनके साथी नन्हे घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। रविवार सुबह हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान इलियास के रूप में की। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि इलियास पॉलीबैग बनाने का काम करते थे और पिछले कुछ समय से दिल्ली में रहकर काम कर रहे थे। किसी काम से वह जलेसर आए थे और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। इलियास अपने पीछे पत्नी सहित तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के मुताबिक, पॉलीबैग बनाने का काम ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन था और इसी से परिवार का खर्च चलता था। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन तथा उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाकर हादसे को अंजाम देने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।












