
हाथरस 06 सितम्बर। शहर के नयागंज बाजार में रविवार सुबह दो नामचीन हलवाई दुकानदारों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और धक्का-मुक्की के दौरान दोनों हलवाई खौलते तेल की कढ़ाई में गिरकर झुलस गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हलवाई चेतराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया, जबकि हर्षित का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार मोहल्ला नयागंज निवासी चेतराम और हर्षित की पास-पास हलवाई की दुकानें हैं। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह किसी छोटी सी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। मारपीट और धक्का-मुक्की के दौरान दोनों खौलते तेल की कढ़ाई में गिरकर झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने चेतराम की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया, जबकि हर्षित को परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद दोनों पक्षों के परिजनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम, दोनों पक्षों के आरोपों और मारपीट के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दोनों तरफ से घटना की तहरीर सदर कोतवाली में दे दी गई है।













