
हाथरस 04 सितम्बर । क्षेत्र के गांव नगला भावसिंह निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के ससुरालियों पर दहेज में अल्टो कार की मांग करने, मारपीट करने और पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव नगला भावसिंह निवासी रोशनलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अंजू की शादी 11 जुलाई 2024 को मथुरा के टैंटी गांव निवासी अंकुश के साथ की थी। उनका कहना है कि शादी में उन्होंने दो लाख रुपये नकद, आभूषण, बाइक, घरेलू सामान सहित करीब तीन लाख रुपये की दावत का खर्च किया था। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर जेठ, जेठानी, सास, ननद और पति अंकुश दहेज से संतुष्ट नहीं थे और अल्टो कार की मांग को लेकर अंजू को ताने देने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
रोशनलाल का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अंजू को नगला बाबू, मुरसान स्थित मकान पर ले गए। वहां कथित रूप से उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की गई। आरोप है कि अंजू किसी तरह वहां से बचकर निकल आई। पीड़ित पिता के अनुसार, इसके बाद उन्होंने मामले को सुलझाने के लिए पंचायत का सहारा लिया, लेकिन आरोप है कि ससुरालियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद 29 जून 2026 को भी अंजू के साथ बेल्ट, सरिया और डंडों से मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर अंजू की मां, बहन करिश्मा और बहनोई बिट्टू भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पिता ने बताया कि अंजू की आठ माह की बेटी भी है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








