
हाथरस 04 सितंबर।अभिनेत्री स्वरा भास्कर की रानी पद्मावती (माता पद्मिनी) के जौहर और क्षत्रिय समाज की भावनाओं को लेकर कथित टिप्पणी के विरोध में आज शाम करणी सेना के पदाधिकारी हाथरस गेट कोतवाली पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अभिनेत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। करणी सेना के जिलाध्यक्ष राणा ऋषि प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि माता पद्मावती को देशभर में श्रद्धा और सम्मान के साथ देखा जाता है। संगठन का आरोप है कि स्वरा भास्कर द्वारा उनके जौहर से संबंधित की गई कथित टिप्पणी से क्षत्रिय समाज के साथ-साथ सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
राणा ऋषि प्रताप सिंह ने कहा कि कथित टिप्पणी से संबंधित वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री सोशल मीडिया पर उपलब्ध है। उन्होंने पुलिस से उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में तथ्य सामने आने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। करणी सेना पदाधिकारियों ने कहा कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक प्रतीकों और महापुरुषों को लेकर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। संगठन का कहना है कि ऐसी टिप्पणियों से समाज की भावनाएं प्रभावित होती हैं, इसलिए मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि मामले में जल्द एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो करणी सेना आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता राणा मुनि प्रताप सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक सिसोदिया, ब्रजप्रांत उपाध्यक्ष जुगेंद्र सिंह सिसोदिया, ब्रज प्रांत महामंत्री राज सिसोदिया, महामंत्री विशाल पचौरी, अमन प्रताप सिसोदिया और मोर मुकुट सिंह सिसोदिया समेत करणी सेना के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








