Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 सितंबर। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर प्रताप चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 17 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया कि ई-रिक्शा पलटने के दौरान किशोरी उसके नीचे दब गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने अलीगढ़ रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर गेट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।इसी दौरान सरकारी एंबुलेंस को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि सूचना के बावजूद सरकारी एंबुलेंस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। बाद में एंबुलेंस पहुंची और किशोरी को लेकर अस्पताल परिसर तक आई। आरोप है कि चालक ने किशोरी को निजी अस्पताल ले जाने से इनकार कर दिया। चालक का कहना था कि वह किशोरी को केवल सरकारी अस्पताल में ही छोड़ सकता है।

एंबुलेंस चालक के इस कथित इनकार को लेकर मौके पर मौजूद लोगों की उससे कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों द्वारा चालक के साथ हाथापाई किए जाने की बात सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल परिसर में पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस चालक से किशोरी को हायर सेंटर ले जाने के संबंध में जानकारी ली। इसी दौरान आरोप है कि चालक एंबुलेंस से उतरकर वहां से जाने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घटना के चलते जिला अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। किशोरी की गंभीर हालत को देखते हुए बाद में उसे निजी एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर भेजा गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा रही। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। हादसे के बाद घायल किशोरी को समय पर सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध न होने और बाद में हायर सेंटर ले जाने को लेकर कथित तौर पर इनकार किए जाने के मामले ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और संबंधित लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page