
हाथरस 03 सितम्बर। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त आगरा जोन और उप आबकारी आयुक्त अलीगढ़ प्रभार के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी हाथरस के मार्गदर्शन में गुरुवार को आबकारी विभाग की टीम ने जिले में शराब की फुटकर दुकानों का आकस्मिक एवं सघन निरीक्षण किया। क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने स्टाफ के साथ देशी शराब और कंपोजिट शॉप की फुटकर दुकानों पर पहुंचकर वहां उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का मिलान किया। इसके साथ ही रैंडम आधार पर मदिरा की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर उनका सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान शराब विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि बिक्री के समय POS मशीन के माध्यम से 100 प्रतिशत मदिरा को स्कैन कर ही बिक्री की जाए। विभाग की टीम ने विक्रेताओं को नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त आबकारी विभाग की टीम ने सिकंदराराऊ क्षेत्र के पंचों एवं सीधामई गांव में दबिश दी। विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












