Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 सितम्बर। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश की शाखा का शपथ ग्रहण समारोह आज एक रेस्टोरेंट में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सहित जनपद के बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश की केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह, महासचिव डॉ. शरद वैश्य, उपाध्यक्ष डॉ. जगमोहन एवं वित्त सचिव डॉ. प्रवीण कुमार सहित केंद्रीय कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे। समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह ने हाथरस शाखा के नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं उपस्थित चिकित्सकों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी जनपदों में शाखाओं के चुनाव संपन्न हो रहे हैं, जिससे संगठन की शक्ति और एकजुटता निरंतर मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी चिकित्सकों को एकजुट होकर अपने हितों के लिए कार्य करना होगा। चिकित्सकों को अपने दायित्वों के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। संगठन चिकित्सकों की समस्याओं एवं अधिकारों की लड़ाई को मजबूती के साथ उठाएगा।

हाथरस शाखा के नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. दलबीर सिंह एवं सचिव डॉ. कृष्ण कुमार शर्मा ने केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने तथा चिकित्सकों के हित में पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी सेवा में चिकित्सक अपनी क्षमता से कई गुना अधिक कार्य करते हुए जनमानस को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ऐसे में सरकारी चिकित्सकों की मांगों एवं समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। चिकित्सकों के हितों और अधिकारों के लिए संगठन के माध्यम से मजबूती से आवाज उठाई जाएगी। समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी हाथरस, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण, मंडल की विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष एवं सचिव तथा जनपदभर के सम्मानित चिकित्सक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय कार्यकारिणी एवं उपस्थित चिकित्सकों ने नव निर्वाचित हाथरस शाखा की कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। साथ ही संगठन की एकजुटता, चिकित्सकों के सम्मान एवं उनके अधिकारों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page