
हाथरस 03 सितम्बर। माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद हाथरस में पंजीकृत श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने एवं उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के उद्देश्य से विभिन्न लेबर चौराहों पर स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 3 सितंबर 2026 को रामलीला ग्राउंड, हाथरस स्थित लेबर चौराहे पर स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में पंजीकृत श्रमिकों के साथ-साथ अन्य उपस्थित लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। कैंप के दौरान 15 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से 128 मरीजों का उपचार किया गया। उपचारित मरीजों में से 7 मरीजों की सीबीसी जांच तथा 38 मरीजों की शुगर जांच कराई गई। जांच के दौरान 7 मरीजों में हल्का सामान्य बुखार पाया गया। कैंप में पहुंचे सभी मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। उल्लेखनीय है कि जनपद में पंजीकृत श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न लेबर अड्डों पर लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। कैंप में जिला नगरीय समन्वयक श्री पुष्पेन्द्रवीर, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथरस के श्री लेखेन्द्र भारद्वाज, डीआईएसएम आयुष्मान भारत हाथरस, चिकित्सकीय टीम में डा. हरिमोहन कमल, चिकित्साधिकारी सहित अन्य स्टाफ एवं आयुष्मान मित्र उपस्थित रहे।













