Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 सितम्बर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा के निर्देशन में गृह विज्ञान विभाग द्वारा 1 सितंबर से 7 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष पोषण सप्ताह की थीम “Discover The Power Of Nutrition” रखी गई है। इसी विषय को केंद्र में रखते हुए छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित आकर्षक पोस्टर तैयार किए। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा के माध्यम से संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रवक्ता डॉ. कुसुमलता शर्मा एवं कुमारी नाहिद बी शामिल रहीं। निर्णायक मंडल द्वारा बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा साक्षी को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। काशिक एवं प्रिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रिया एवं राखी को तृतीय स्थान मिला। वहीं खुशी कुशवाहा, तनिशा (बीए प्रथम सेमेस्टर), गायत्री (बीए पंचम सेमेस्टर) एवं मनीषा (एमए प्रथम सेमेस्टर) को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं के कार्यों की प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा एवं निर्णायक मंडल ने सराहना की और पोषण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रभारी प्रो. रंजना सिंह, डॉ. प्रियंका शर्मा, गृह विज्ञान विभाग की छात्राएं एवं विभागीय सदस्य उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत आगामी 5 सितंबर को “शो एंड टेल” तथा “पौष्टिक व्यंजन” प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच प्रदान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page