
हाथरस 31 अगस्त। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय द्वारा जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षु खिलाड़ियों एवं खेलो इंडिया सेंटर फुटबॉल के खिलाड़ियों के लिए ‘एक घंटा खेल मैदान में’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खेलो इंडिया सेंटर फुटबॉल की प्रशिक्षिका वर्षा रानी ने खिलाड़ियों को विभिन्न खेल गतिविधियां कराईं। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेल मैदान से जोड़ने, शारीरिक फिटनेस बढ़ाने और खेल के प्रति उत्साह एवं अनुशासन विकसित करना रहा। इस दौरान खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग किया और खेल अभ्यास के माध्यम से अपनी शारीरिक क्षमता एवं कौशल को बेहतर बनाने का प्रयास किया। जिला खेल कार्यालय की ओर से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।













