
हाथरस 31 अगस्त। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कार्यालय अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड का निरीक्षण कर कार्यालयीय कार्यों और विभिन्न अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें कार्यालय में कार्यरत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मिले। इसके बाद जिलाधिकारी ने कैश अनुभाग का निरीक्षण करते हुए कैश संबंधी अभिलेखों एवं पत्रावलियों, अनुबंध रजिस्टर तथा बजट रजिस्टर की जांच की, जो नियमानुसार व्यवस्थित पाए गए। उन्होंने जीपीएफ अनुभाग का निरीक्षण करते हुए सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के जीपीएफ भुगतान की कार्रवाई समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की तिथि तक उनके देय लाभ मिल सकें। साथ ही अधिष्ठान अनुभाग में मूवमेंट रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट एवं व्यवस्थित रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी ने भी खंडीय कार्यालय के अनुबंध रजिस्टर, अनुबंध पत्रावलियों और अन्य संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया। अधिकारियों ने खंड के अधीन तीनों उपखंडीय कार्यालयों की पंजिकाओं, अभिलेखों, एग्रीमेंट रजिस्टर एवं पत्रावलियों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को विगत वर्ष की प्रथम पांच अनुबंध पत्रावलियां, उनके भुगतान से संबंधित अभिलेख तथा अनुबंध रजिस्टर से संबंधित पत्रावली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालय और सभी उपखंडीय कार्यालयों में रखे गए अभिलेखों एवं पत्रावलियों को नियमित रूप से अपडेट करते हुए नियमानुसार व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयीय अभिलेखों का रखरखाव पारदर्शी और सुव्यवस्थित होना चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













