Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका डॉक्टर दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में संगठन द्वारा चलाए गए 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान के अंतर्गत हाथरस में निर्धारित एक लाख प्रतिज्ञाओं का लक्ष्य सभी के सहयोग से पूरा कर लिया गया। अभियान के दौरान एक लाख चार हजार से अधिक लोगों ने नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा ली।

अभियान की सफलता पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अलीगढ़ रोड स्थित आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की राजयोग केंद्र संचालिका बीके शांता बहिन ने प्रातःकालीन राजयोग कक्षा में सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। बीके शांता बहिन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को प्रतिज्ञा दिलाना नहीं था, बल्कि सकारात्मक सोच, आत्मसम्मान, स्वस्थ जीवनशैली, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी था। उन्होंने कहा कि यह केवल संख्या का लक्ष्य नहीं है, बल्कि समाज के अधिक से अधिक लोगों तक सकारात्मक और मूल्यनिष्ठ जीवन का संदेश पहुंचाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि प्रतिज्ञा एक शुरुआत है। इसके साथ निरंतर जागरूकता, शिक्षा, सकारात्मक वातावरण और व्यक्तिगत प्रयास भी आवश्यक हैं। ब्रह्माकुमारीज़ आध्यात्मिक मूल्यों, सकारात्मक सोच, राजयोगी जीवनशैली, ध्यान, आत्मजागृति एवं मूल्यनिष्ठ जीवन के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है। बीके शांता बहिन ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा भी स्वस्थ जीवनशैली, युवा शक्ति, मूल्यनिष्ठ शिक्षा, आध्यात्मिक जागरूकता और जनभागीदारी को नशामुक्त एवं विकसित भारत की मजबूत नींव बताया गया है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ का यह अभियान इन्हीं मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सकारात्मक प्रयास है।

उन्होंने बताया कि हाथरस की आनंदपुरी शाखा द्वारा अकेले लगभग 70 हजार लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया, जबकि अभियान के तहत कुल एक लाख चार हजार से अधिक प्रतिज्ञाएं दर्ज की गईं। उन्होंने इस सफलता को किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। अभियान को सफल बनाने में सासनी, इगलास, हसायन सहित विभिन्न क्षेत्रों की सहयोगी बहनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें बीके हेमलता दीदी, बीके मीना बहिन, बीके दुर्गेश बहिन, बीके श्वेता बहिन, बीके नीतू बहिन, बीके उमा बहिन, बीके कोमल बहिन, बीके वंदना बहिन, बीके लवली बहिन और मोनिका बहिन सहित अनेक सहयोगी शामिल रहे। इसके अलावा गजेन्द्र भाई, राजेश भाई, पंचम सिंह, राकेश भाई, राजू भाई सहित अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों ने तन-मन, सांस और संकल्प के साथ अपना पूर्ण सहयोग दिया। बीके शांता बहिन ने अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों, संस्थाओं और आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास समाज में नशामुक्ति के साथ-साथ स्वस्थ, सकारात्मक और मूल्यनिष्ठ जीवनशैली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page