Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 अगस्त । जंक्शन क्षेत्र के गांव पवलोई में शराब के नशे में गाली-गलौज करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोसी ने अपने परिवार और अन्य लोगों के साथ मिलकर घर में घुसकर लाठी-डंडों और तमंचे की बट से मारपीट कर दी। मारपीट में वृद्ध की पसलियों में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसके बेटे का सिर फट गया। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

गांव पवलोई निवासी विक्रम सिंह पुत्र कन्हैयालाल ने थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 अगस्त की रात वह अपने घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी सुभाष शराब के नशे में घर के पास गाली-गलौज कर रहा था। विक्रम ने गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोप है कि सुभाष ने अपने बेटे पुनीत, पत्नी सिमला और दो अन्य लोगों को बुला लिया। पीड़ित का आरोप है कि सभी लोग एकराय होकर लाठी-डंडे और तमंचा लेकर उसके घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पुनीत ने तमंचे की बट से विक्रम के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। उसे बचाने पहुंचे उसके पिता कन्हैयालाल और दर्शन के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।

मारपीट में कन्हैयालाल की पसलियों में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़ित परिवार को बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घटना के बाद घायल विक्रम का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। वहीं गंभीर चोट लगने के कारण वृद्ध कन्हैयालाल को चिकित्सकों ने उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। पीड़ित ने थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page