Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 28 अगस्त । रक्षाबंधन के मौके पर कस्बा, देहात में शुक्रवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई। लगभग एक घंटे तक हुई तेज बरसात के कारण नगर की सड़कें और गलियां पानी से भर गईं। कई स्थानों पर जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ा।

रक्षाबंधन के लिए मिठाई और राखी विक्रेताओं ने गुरुवार रात से ही अपनी दुकानों को सजाना शुरू कर दिया था। दुकानों के बाहर आकर्षक सजावट की गई थी और ग्राहकों के लिए मिठाइयों की विशेष व्यवस्था की गई थी। हालांकि, शुक्रवार सुबह अचानक हुई तेज बारिश ने दुकानदारों की इन तैयारियों को प्रभावित किया। कई दुकानों के बाहर की सजावट बारिश के पानी से खराब हो गई।
नगर के सुभाष गली, आगरा गेट, गौतम नगर, दीपावली क्षेत्र और डाकखाना रोड सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर रही। तेज बारिश के बाद सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गईं और कई जगह नालियों का पानी भी सड़कों पर आ गया। गंदगी और सिल्ट सड़कों तथा रास्तों पर जमा होने से लोगों को पानी और गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। सुबह बाजार खुलने और खरीदारी के लिए निकले लोगों को भी परेशानी हुई। दुकानदारों ने बताया कि रक्षाबंधन पर अच्छे कारोबार की उम्मीद में उन्होंने देर रात तक दुकानों को सजाया था, लेकिन सुबह की बारिश से उन्हें काफी नुकसान हुआ। मिठाई और अन्य सामान को पानी से बचाने के लिए दुकानदारों को तुरंत सामान दुकान के अंदर रखना पड़ा। स्थानीय स्तर पर रक्षाबंधन के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई थी, जिसके कारण दुकानदारों ने मौसम को लेकर कोई विशेष तैयारी नहीं की थी। इस अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया। बारिश थमने के बाद भी लोग जलभराव वाले रास्तों से पानी निकलने का इंतजार करते दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page