
हाथरस 27 अगस्त। साइबर ठगी के मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सात पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है। थाना चंदपा क्षेत्र के सात लोगों के खातों से ऑनलाइन लिंक के माध्यम से ठगी कर दूसरे खातों में ट्रांसफर किए गए कुल 1,41,928 रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि पुलिस ने वापस करा दी। अगस्त माह में अनुज कुमार अग्निहोत्री के खाते से 6,000 रुपये, सुधीर कुमार से 5,111 रुपये, कीर्तिमान से 9,768 रुपये, मौहम्मद अली से 5,000 रुपये, मौहम्मद अफजाल खान से 9,819 रुपये, उमेश कुमार से 5,000 रुपये तथा विनोद कुमार के खाते से 1,01,230 रुपये ऑनलाइन ठगी के जरिए दूसरे खातों में चले गए थे। पीड़ितों ने मामले की सूचना थाना चंदपा पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायतें राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन का विवरण प्राप्त किया। पुलिस ने संबंधित लाभार्थी बैंक खातों को डेबिट फ्रीज कराकर धनराशि को सुरक्षित कराया। इसके बाद टीम के सक्रिय प्रयासों से सातों शिकायतकर्ताओं के खातों से निकली पूरी 1,41,928 रुपये की रकम वापस उनके बैंक खातों में पहुंचाई गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने थाना चंदपा पहुंचकर हाथरस पुलिस का आभार जताया और साइबर क्राइम टीम की कार्यशैली की सराहना की। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने आमजन को साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना खाता नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी सहित अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने अथवा 1930 पर कॉल करने की अपील की गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष योगेश कुमार मय टीम थाना चंदपा शामिल रहे।












