
हाथरस 27 अगस्त। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा के आधार पर चयन प्रक्रिया के अगले चरण में चल रही अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV-PST) प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परीक्षण केंद्र का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान शारीरिक मानक परीक्षण के लिए गठित टीम के अधिकारी-कर्मचारी, भर्ती बोर्ड से अभिलेखों की संवीक्षा के लिए आई टीम तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गठित टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। जनपद में 17 अगस्त से शुरू हुई DV-PST प्रक्रिया 31 अगस्त तक चलेगी। एसपी ने अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों से भी वार्ता कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए विभिन्न काउंटरों एवं टेबलों का निरीक्षण किया। साथ ही शारीरिक मानक परीक्षण में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों को दुरुस्त रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पूरी भर्ती प्रक्रिया के दौरान व्यवस्था, पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।












