Hamara Hathras

Latest News

सासनी 26 अगस्त। सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ऊआ और हर्दपुर के बीच शिव मंदिर के पास गूलर रोड पर मंगलवार को एक युवक का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अलीगढ़ जिले के इगलास थाना क्षेत्र के भटोई निवासी मनोज (40) पुत्र रामबाबू के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार पत्नी से लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते वह मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार मनोज दर्जी का काम करता था और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि मनोज की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। शादी के कुछ वर्ष बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। करीब चार वर्षों से दोनों अलग-अलग रह रहे थे और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। प्रमोद के मुताबिक मनोज की पत्नी भी करीब चार साल से अपने मायके में रह रही थी।

परिजनों का कहना है कि पत्नी से अलगाव के कारण मनोज काफी परेशान और दुखी रहता था। मंगलवार को वह घर से निकला था। बाद में उसका शव सासनी क्षेत्र में गांव गढ़ऊआ और हर्दपुर के बीच गूलर रोड पर शिव मंदिर के निकट एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आज पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मनोज की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page