Hamara Hathras

Latest News

सासनी 26 अगस्त। सासनी कोतवाली क्षेत्र के नया नगला गोहाना निवासी राजकुमार ने जनसेवा केंद्र में चोरी के मामले में कार्रवाई के लिए एसीजे कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। आरोप है कि जनसेवा केंद्र की पीछे की दीवार तोड़कर अज्ञात चोर बैग में रखे एक लाख 60 हजार रुपये नगद और कमेटी के 30 हजार रुपये, यानी कुल एक लाख 90 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस से शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित राजकुमार के अनुसार उनके भाई अश्वनी कुमार गोहाना चौकी के पास सीएससी जनसेवा केंद्र संचालित करते हैं। बताया गया कि 29 मई 2026 की शाम अश्वनी दुकान बंद कर गांव उतरा में आयोजित एक कार्यक्रम में चले गए थे। उनका बैग, जिसमें लैपटॉप और नगदी रखी थी, दुकान में ही रह गया। बारिश के कारण वह रात करीब नौ बजे तक वापस नहीं लौट सके, जिसके चलते बैग दुकान में ही छूट गया।

अगली सुबह जब अश्वनी कुमार ने जनसेवा केंद्र खोला तो पीछे की दीवार टूटी हुई मिली। दुकान के अंदर सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि बैग में रखे 1.60 लाख रुपये और कमेटी के 30 हजार रुपये गायब थे। पीड़ित ने अज्ञात चोरों पर दीवार तोड़कर चोरी करने का आरोप लगाया। घटना के बाद पीड़ित ने 30 मई को सासनी कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने 22 जून को पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन इसके बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। एसीजे कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किए जाने के बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब जनसेवा केंद्र में हुई चोरी के मामले की जांच कर रही है और अज्ञात चोरों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page