
हाथरस 25 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ में तैनात चिकित्सक डा. विनीत कुमार सक्सैना ने गांव कौकना कला निवासी भानु किसान यूनियन के पदाधिकारी हरेंद्र उर्फ पप्पू चौहान पर मारपीट, गाली-गलौज, दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। चिकित्सक द्वारा सादाबाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। डॉक्टर के अनुसार घटना छह मई 2026 की शाम की है, जब वह सीएचसी सहपऊ में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान थाना सहपऊ पुलिस कौकना कला निवासी रिंकू का मेडिकल परीक्षण कराने अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि रिंकू के साथ आए हरेंद्र उर्फ पप्पू ने डॉक्टर पर उसके शरीर पर मौजूद चोटों से अधिक चोटें दर्शाकर मेडिकल प्रमाण पत्र जारी करने का दबाव बनाया। डॉक्टर के मुताबिक, मना करने पर आरोपी ने खुद को भानु किसान यूनियन का पदाधिकारी बताते हुए दबाव बनाया और कहा कि उसके कहने के अनुसार ही काम करना पड़ेगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए डॉक्टर के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया तथा अस्पताल का सामान फेंककर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना के समय अस्पताल कर्मचारी रत्नेश, सोनू और सुभाष भी मौजूद बताए गए हैं। आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से चला गया। डॉक्टर का कहना है कि उन्होंने घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी थी और 13 मई को एसपी हाथरस को रजिस्ट्री के माध्यम से शिकायत भी भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सादाबाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।












