
हाथरस 25 अगस्त। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने बैंकिंग क्षेत्र की लंबित मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियनों ने 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, प्रस्तावित Performance Linked Incentive (PLI) योजना वापस लेने, पेंशन अपडेटेशन और NPS कर्मचारियों को OPS का विकल्प देने समेत अन्य मांगें उठाई हैं। UFBU के अनुसार 8 मार्च 2024 को 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनने के बावजूद दो साल से अधिक समय बाद भी सरकार की ओर से निर्णय लंबित है। वहीं प्रस्तावित PLI व्यवस्था को यूनियनों ने भेदभावपूर्ण बताते हुए कहा है कि इससे बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच असमानता बढ़ेगी। आंदोलन के तहत 27 अगस्त को देशभर में प्रदर्शन, 28 अगस्त को काला बैज लगाकर विरोध और 11 सितंबर को अखिल भारतीय हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया गया है। इसके बाद सितंबर-अक्टूबर में भी विभिन्न चरणों में प्रदर्शन और हड़ताल प्रस्तावित हैं। 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया है। UFBU ने बैंक कर्मचारियों से सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में एकजुट होकर भाग लेने का आह्वान किया है। यह जानकारी UFBU हाथरस इकाई की ओर से जारी की गई।