सादाबाद 24 अगस्त । मुरसान रोड पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। यहां फिर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी बाइक अचानक सामने आए एक कुत्ते से टकरा गई थी। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे सादाबाद क्षेत्र के गांव लुहेटा के पास हुई। अलीगढ़ जनपद के कस्बा बेसवां निवासी 20 वर्षीय शिवा वाल्मीकि पुत्र अनिल कुमार अपनी पत्नी को ससुराल, सादाबाद के गांव बहेरागढ़ी अंता में छोड़कर अपने गांव लौट रहा था। मुरसान रोड पर लुहेटा गांव के निकट अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। शिवा अपनी बाइक को संभाल नहीं पाया और बाइक कुत्ते से टकराकर अनियंत्रित हो गई। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। इस हादसे में शिवा के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बाइक की चपेट में आने से कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर शिवा के ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस की मदद से घायल शिवा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोटों के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले गए हैं।












