Hamara Hathras

Latest News

सासनी 23 अगस्त । सावन माह के अंतिम सोमवार को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विद्युत विभाग की ओर से आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित बिजलीघर के सामने सेवा शिविर लगाया गया। अधिशासी अभियंता अभिनव तिवारी के नेतृत्व में लगाए गए शिविर में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के ठहरने, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई। विभागीय कर्मचारियों ने शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ियों का स्वागत कर उन्हें जलपान और भोजन कराया। गर्मी और उमस के बीच पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों ने शिविर में रुककर कुछ देर विश्राम किया और भोजन-पानी ग्रहण किया। अधिशासी अभियंता अभिनव तिवारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा से जुड़ी है तथा कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। इसी भावना के साथ विभाग की ओर से शिविर लगाया गया, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। दिनभर शिविर में कांवड़ियों का आवागमन बना रहा। श्रद्धालुओं ने विद्युत विभाग की सेवा व्यवस्था की सराहना करते हुए आभार जताया। इस दौरान उपखंड अधिकारी आशीष रत्न, अवर अभियंता अमित कुमार, मुनेंद्र कुमार, योगेंद्र कुमार, विपिन शर्मा, शकील खान, भानु प्रताप, धर्मेंद्र गौड़, शिवाजी सहित अन्य विभागीय कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page