सादाबाद 23 अगस्त । बिसावर में रसोइयों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि कर इसे 3,000 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। साथ ही, दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये की तत्काल सहायता का भी ऐलान किया गया।
यह कार्यक्रम लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित करते हुए बढ़े हुए मानदेय का चेक, कैशलेस हेल्थ कार्ड और सुरक्षा किट प्रदान की। इस समारोह में प्रदेशभर से लगभग 1500 रसोइयों को आमंत्रित किया गया था, जहां मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने रसोइयों के लिए संचालित विभागीय योजनाओं और नई घोषणाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पहले रसोइयों को मानदेय समय पर मिलने में कठिनाई होती थी। उनकी सरकार ने मानदेय को पहले 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये किया था, और अब इसे 3,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था से प्रदेश के 3 लाख 53 हजार से अधिक रसोइयों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि रसोइयों के साथ किसी दुर्घटना की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद ने स्टेट बैंक के साथ मिलकर खाते खुलवाए हैं। दुर्घटना होने पर बैंक की ओर से 2 लाख रुपये की तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त, रसोइयों को हर साल साड़ी के लिए 500 रुपये और दस्तानों के लिए 400 रुपये दिए जाएंगे। विद्यालयों में छात्र संख्या के आधार पर रसोइयों की संख्या निर्धारित की गई है: 25 बच्चों तक दो रसोइए, 26 से 100 बच्चों तक तीन रसोइए और 101 से 200 बच्चों तक चार रसोइए की व्यवस्था रहेगी।













