
हाथरस 23 अगस्त। क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित एक मंदिर से धातु की नटराज की मूर्ति चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर से मूर्ति चोरी होने के बाद मंदिर प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कथित तौर पर कुछ बच्चों की पहचान की और एक नाबालिग बच्चे तक पहुंच बनाई। आरोप है कि पूछताछ के बाद नाबालिग बच्चे ने उस स्थान की जानकारी दी, जहां उसने नटराज की मूर्ति बेची थी। मंदिर संचालक बच्चे को साथ लेकर संबंधित कबाड़ी के यहां पहुंचा, जहां नटराज की मूर्ति करीब चार से छह टुकड़ों में बरामद होने की बात सामने आई है। इसके बाद मंदिर संचालक ने नाबालिग बच्चे और कथित कबाड़ी को पुलिस के हवाले कर दिया। मामला थाना हाथरस गेट पुलिस के सामने पहुंचने के बावजूद अभी तक किसी को जेल भेजे जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। मामले को लेकर मंदिर संचालक और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मंदिर पक्ष का कहना है कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि मंदिर में स्थापित भगवान नटराज की धातु की मूर्ति से जुड़ा गंभीर मामला है। वहीं, पुलिस की ओर से मामले में अभी तक की गई कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मूर्ति चोरी में कौन-कौन शामिल था और बरामद मूर्ति को किन परिस्थितियों में तोड़ा गया।













