Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 अगस्त। प्रधानमंत्री पोषण योजनान्तर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर की अध्यक्षता और जिलाधिकारी अतुल वत्स की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में रसोइयों के मानदेय को 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने पर खुशी जताई गई। इसके साथ ही ड्रेस के लिए मिलने वाली धनराशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1 हजार रुपये कर दी गई है। रसोइयों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ भी मिलेगा, जिसके लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। दुर्घटना की स्थिति में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि की व्यवस्था भी की गई है। सदर विधायक ने मानदेय वृद्धि और चिकित्सा सुविधा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह रसोइयों के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने रसोइयों से संवाद कर उनकी दिनचर्या और कार्यों की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि रसोइयां बच्चों को समय से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ विद्यालयों में स्वच्छता और अनुशासन का संदेश भी दे रही हैं। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, रसोइये और पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page