सिकन्दराराऊ 22 अगस्त। कासगंज रोड पर अगसौली चौकी क्षेत्र के भटीकरा गांव के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अलीगढ़ के गंगीरी थाना क्षेत्र के गांव भद्रोही निवासी पुष्पेंद्र अपने साथी यतेंद्र उर्फ जयंती के साथ मथुरा से लौट रहा था। दोनों मथुरा में पुष्पेंद्र की बहन के यहां रिश्तेदारी में गए थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे भटीकरा गांव के पास पेट्रोल पंप के निकट पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अगसौली चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल यतेंद्र को तत्काल सिकंदराराऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने पुष्पेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के बाद फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। बताया गया है कि पुष्पेंद्र खेती-बाड़ी करता था। करीब चार वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसके कोई संतान नहीं थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।














