
सिकन्दराराऊ 22 अगस्त। कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज दोपहर वंदना अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे सेंटर पर छापेमारी कर निरीक्षण किया। करीब दोपहर 1 से 2 बजे के बीच हुई कार्रवाई के दौरान टीम को सेंटर पर कई अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सेंटर पर बिना डॉक्टर की मौजूदगी के अल्ट्रासाउंड किए जाने की जानकारी मिली। इसके अलावा कुछ मामलों में मरीजों की वैध पर्चियां भी उपलब्ध नहीं पाई गईं। टीम ने जांच के दौरान आवश्यक अभिलेखों और सेंटर पर की जा रही गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक, सेंटर के संबंध में स्वास्थ्य विभाग को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण में सामने आई कथित अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए सेंटर संचालक को दो दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में यदि सेंटर संचालक की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अल्ट्रासाउंड एवं जांच केंद्रों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।














