सासनी 20 अगस्त । गांव गदाखेड़ा के निकट गुरुवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि गांव लढ़ौता निवासी 15 वर्षीय हरीश पुत्र राजकुमार अपने चाचा के बेटे दीपक पुत्र विजयवीर सिंह के साथ बाइक से किसी काम से सासनी आ रहा था। जैसे ही दोनों बाइक से गांव गदाखेड़ा के निकट पहुंचे, तभी एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घायलों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लेकर गई। चिकित्सकों ने दोनों का उपचार किया, जिसके बाद हरीश की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मामले की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।












