Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 अगस्त । जनपद के विकासखंड सहपऊ के सभागार कक्ष में 20 अगस्त 2026 को ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ/बाल विवाह टास्कफोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कानूनों की जानकारी दी गई। सहायक विकास अधिकारी पंचायत अनिल उपाध्याय ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।

सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास कुलदीप सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने गांवों में 10-10 पात्र महिलाओं को एकत्रित कर समूह बनाने की कार्रवाई करने तथा इसकी जानकारी विकासखंड स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष, 181 महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय अधिनियम-2015, बालश्रम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 तथा घरेलू हिंसा से संबंधित प्रावधान शामिल रहे। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से बालिकाओं और महिलाओं के प्रति होने वाले सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन सहायता के लिए 1098 और 112 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से बंटी कुशवाहा तथा विकासखंड सहपऊ की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page