सादाबाद 20 अगस्त । सुभाष गली स्थित श्री वासुदेव विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल में गुरुवार को जनपद की रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से विशेष जादू कार्यक्रम आयोजित किया गया। फरीदाबाद से आए जादूगर पीसी शर्मा एंड पार्टी ने बच्चों को हैरतअंगेज करतब दिखाकर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मनोरंजन के साथ शिक्षा और मेहनत का महत्व भी समझाया गया।
जादूगर पीसी शर्मा ने मंच पर एक के बाद एक कई जादुई करतब प्रस्तुत किए। उन्होंने बच्चों के सामने वस्तुओं को गायब करने और अचानक प्रकट करने जैसे करतब दिखाए। इन प्रस्तुतियों को देखकर विद्यालय में मौजूद बच्चे उत्साह और रोमांच से भर गए। जादूगर ने कई बच्चों को मंच पर बुलाकर उन्हें अपने करतबों में शामिल किया, जिसका विद्यार्थियों ने जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें मनोरंजन के साथ बच्चों को शिक्षा का महत्व भी बताया गया। जादूगर पीसी शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों के बीच विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने, मेहनत करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता हासिल करने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यालय के प्रधान अध्यापक रवि अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के मानसिक विकास के साथ उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि मनोरंजन के माध्यम से बच्चों को महत्वपूर्ण संदेश देना प्रभावी तरीका है। प्रधान अध्यापक ने रेडक्रॉस सोसाइटी और जादूगर पीसी शर्मा एंड पार्टी के प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में प्रधान अध्यापक रवि अग्रवाल के अलावा राजवीर सिंह, राधेश्याम, पूरन सिंह, रूपेश कुमार, गुलशन कुमार, मानसी सिंह, मेघा अग्रवाल, शिल्पी शर्मा, महक वार्ष्णेय, अंजलि, श्वेता, रेखा और मधु सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने जादू के करतबों की सराहना करते हुए कार्यक्रम का खूब आनंद लिया।












