Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 19 अगस्त। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के बाजिदपुर में युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक चार आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि दो अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है। नगला भानचंद निवासी शिवकुमार के पिता मुनेश कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने खिजरपुर निवासी अनिल, सुनील, देवेंद्र, सोनू, विवेक और विशाल के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया था। आरोप है कि सोमवार शाम करीब छह बजे आरोपितों ने शिवकुमार के साथ धारदार हथियारों और लोहे की रॉड-सरिया से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने शिवकुमार के गले में अंगोछे का फंदा डालकर उसे जमीन पर गिराकर घसीटा और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद कोतवाल शिवकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर अनिल और विवेक को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बुधवार को पुलिस ने सोनू तथा जांच के दौरान प्रकाश में आए बौबी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ अमित पाठक ने बताया कि मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page