Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 अगस्त। उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में 12 सितंबर 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जनपद न्यायालय हाथरस में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय ने की। बैठक में अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत प्रशान्त कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी सहित समस्त न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किए गए वादों तथा उनमें जारी सम्मन एवं नोटिस के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ऐसे मामलों की भी समीक्षा की, जिनका निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जा सकता है। साथ ही पक्षकारों को जारी किए गए नोटिसों की तामीला की अद्यतन स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।

जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पुराने लंबित मामलों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित कराने के लिए पक्षकारों को प्रेरित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी मामलों को चिन्हित किया जाए, जिनका समाधान आपसी सहमति से संभव है और उनके निस्तारण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। बैठक में अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने तथा लंबित मामलों के पक्षकारों से संपर्क कर उन्हें सुलह-समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। इस अवसर पर जनपद न्यायालय हाथरस के समस्त न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बैठक से संबंधित जानकारी साझा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page