Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 अगस्त। कृषि उत्पादन मंडी समिति में आज सुबह लगभग ढाई फीट लंबा जहरीला करैत सांप निकलने से हड़कंप मच गया। आगरा राजमार्ग स्थित इस मंडी में सांप को देखते ही सब्जी किसानों और अन्य लोगों में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। मंडी परिसर में निकला सांप करैत प्रजाति का था, जिसे अत्यंत जहरीला माना जाता है। सांप निकलने की सूचना पर नगला झुन्ना गांव के लोगों ने मथुरा जनपद के एक सपेरे को बुलाया। दद्दी गढ़ी सेमरी, मथुरा निवासी सपेरा रामूनाथ मौके पर पहुंचा। सपेरा रामूनाथ ने काफी मशक्कत के बाद जहरीले सांप को पकड़ लिया। बाद में उसे सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद मंडी में मौजूद किसानों और अन्य लोगों ने राहत की सांस ली। सपेरे रामूनाथ ने बताया कि इस सांप को अंग्रेजी में ‘कैत’ (Krait) कहते हैं, जबकि स्थानीय स्तर पर इसे कालदेवरी और काल गांडेल नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने पुष्टि की कि करैत एक बेहद जहरीला सांप है, जिसके काटने से शरीर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकते हैं। रामूनाथ ने लोगों से अपील की कि सांप के काटने पर किसी भी प्रकार के घरेलू उपचार से बचें और पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाएं, क्योंकि समय पर उपचार जान बचा सकता है। मंडी समिति में सांप निकलने की इस घटना के बाद किसानों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page