
सहपऊ 18 अगस्त। कस्बे एवं क्षेत्र के प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर में दर्शन करने पहुंची महिला के गले से सोने की जंजीर खींचकर फरार होने वाली दो महिलाओं को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित महिलाओं के कब्जे से चोरी की गई सोने की जंजीर भी बरामद की है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि सोमवार को सादाबाद के मोहल्ला गंगानगर निवासी वंदना अग्रवाल पत्नी अनिल अग्रवाल अपने परिवार के साथ मां भद्रकाली मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं। दर्शन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर दो महिलाओं ने उनके गले से सोने की जंजीर खींच ली और वहां से निकलने का प्रयास किया। पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए अज्ञात महिलाओं के खिलाफ जंजीर चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी पुलिस टीम के साथ मंदिर पहुंचे। सोमवार को मंदिर में पुलिस की मौजूदगी रहती है। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो महिलाएं पीड़िता के गले से जंजीर खींचती हुई दिखाई दीं। फुटेज में एक महिला जंजीर खींचने के बाद उसे अपने साथ चल रही दूसरी महिला को देती हुई भी नजर आई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम काजल पत्नी सुखवीर निवासी हसनपुर, थाना नौहझील, जनपद मथुरा तथा रेशमा पत्नी सैनपुर, थाना रूपवास, जनपद भरतपुर, राजस्थान बताया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के कब्जे से पीड़िता के गले से खींची गई सोने की जंजीर बरामद कर ली। पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपित महिलाओं को जेल भेज दिया गया।












