
हाथरस 18 अगस्त। 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम द्वारा सरस्वती महाविद्यालय में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्तव्य बीके सुमित भाई ने दिया। उन्होंने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं और नशे से दूर रहकर ही वे अपने जीवन, परिवार और समाज को बेहतर दिशा दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
बीके रश्मि बहन ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा दिलाई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए अपने शुभकामना संदेश दिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के स्टाफ को नशामुक्ति अभियान में सहयोग एवं सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्वस्थ, संस्कारवान और नशामुक्त समाज के निर्माण का सकारात्मक संदेश दिया गया।












