Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अगस्त। श्रावण मास के पावन अवसर पर तीसरे सोमवार को श्री चौबे वाले महादेव मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधानपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर एवं जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने जिला प्रशासन के सहयोग से मंदिर परिसर में लगाए गए ‘Gen Z महादेव विशाल भंडारा शिविर’ का शुभारंभ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर किया। भंडारा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था की गई, जिसका बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि श्रावण मास का तीसरा सोमवार भगवान महादेव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने के साथ कांवड़ियों, विशेषकर डाक कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद पुलिस-प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में भंडारे का शुभारंभ किया गया, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास आस्था, भक्ति और सेवाभाव का पर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने और आपसी सहयोग की भावना के साथ पर्व मनाने की अपील की। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, श्रद्धालुगण तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page