
हाथरस 17 अगस्त। शहर की साकेत कॉलोनी से एक संदिग्ध मामला सामने आया है, जहां दो साधु वेशधारी व्यक्ति एक बंद मकान के बाहर काफी देर तक गतिविधियां करते नजर आए। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि मकान के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। इसी दौरान दो साधु वेशधारी व्यक्ति वहां पहुंचे और बंद मकान के अंदर झांकने का प्रयास करते दिखाई दिए। दोनों ने कई बार मुख्य गेट भी बजाया। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति दूसरे की ओर हाथों से कुछ इशारे करता हुआ भी नजर आ रहा है। कुछ समय बाद जब दोनों को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी होने का अंदेशा हुआ तो वे वहां से चले गए। हालांकि, इन दोनों व्यक्तियों की मंशा क्या थी, यह स्पष्ट नहीं हो सकी है। किसी अपराध को लेकर भी अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को देखते हुए घरों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। घर बंद करके बाहर जाने वाले लोग संभव हो तो विश्वसनीय पड़ोसियों को इसकी जानकारी दें और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखें। सावधानी जरूरी: अनजान व्यक्ति या साधु वेशधारी किसी भी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर खुद उससे उलझने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देना बेहतर है। घर की सुरक्षा के लिए मजबूत ताले, सीसीटीवी और आसपास के लोगों से समन्वय जैसे उपाय अपनाए जा सकते हैं। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना को लेकर लोगों में चर्चा है और संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
Next News :-हाथरस में राशन कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी, अब 125 रुपये प्रति कुंतल मिलेगा लाभांश
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101




