
सिकन्दराराऊ 16 अगस्त। अमोल चंद पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक विपिन वार्ष्णेय, मैनेजर सागर वार्ष्णेय, प्रधानाचार्य अनूप अग्रवाल, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के मैनेजर सागर वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्य अनूप अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देशप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य, तिरंगा नृत्य, ‘मेरा जूता है जापानी’ नृत्य, आर्मी डांस, ‘देश पहले है मेरा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘नन्हा-मुन्ना राही हूं’ सहित कई प्रस्तुतियां शामिल रहीं। कार्यक्रम में आर्मी डांस विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने सैनिकों के शौर्य, त्याग और देशभक्ति को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया। प्रस्तुति देखकर विद्यालय में मौजूद अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उत्साह और देशप्रेम से भर उठे तथा तालियों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।











