
हाथरस 16 अगस्त। कोतवाली क्षेत्र सासनी के रेलवे रोड स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर का गर्भगृह रविवार सुबह करीब 5:52 बजे अचानक ढह गया। गर्भगृह के गिरते ही तेज आवाज हुई, जिससे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं थी, जिसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि मंदिर भवन को काफी नुकसान पहुंचा है। मंदिर का गर्भगृह ढहने की पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में तेज आवाज के साथ मंदिर का एक हिस्सा अचानक गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय निवासी हरिमोहन और अमित कुमार ने बताया कि राधा-कृष्ण मंदिर काफी प्राचीन है और इसके भवन का काफी समय पहले नवनिर्माण कराया गया था। घटना के बाद मंदिर परिसर में गिरे मलबे को हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मंदिर का गर्भगृह गिरने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से प्राचीन मंदिर के भवन का तकनीकी निरीक्षण कराए जाने की मांग की है, ताकि मंदिर के अन्य हिस्सों की मजबूती की स्थिति का पता चल सके। लोगों ने क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कराकर मंदिर को सुरक्षित किए जाने की भी मांग की है।









