
सासनी 16 अगस्त। जिले के सासनी क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-93 पर श्री हनुमान चौकी के निकट रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चंद्रमोहन और तिलक को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब सात बजे अलीगढ़ के सासनी गेट निवासी नीरज पुत्र राजा बाबू अपने मित्र चंद्रमोहन पुत्र राजेश वर्मा के साथ हाथरस से ऑफिस का काम समाप्त कर बाइक से अलीगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से सासनी क्षेत्र के नगला फतेला गांव निवासी तिलक पुत्र राधे लाला बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे। श्री हनुमान चौकी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सासनी सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन चंद्रमोहन और तिलक की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









