
हाथरस 16 अगस्त। हरियाली तीज के अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ़ हाथरस कोहिनूर की सदस्याओं द्वारा आगरा रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में हर्षोल्लास एवं पारंपरिक अंदाज में तीज उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय संस्कृति एवं सावन की सुंदर छटा प्रस्तुत की। समारोह के दौरान हाउजी सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता सदस्यों को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। रश्मि वर्मा एवं शालिनी माहेश्वरी को तीज क्वीन चुना गया और उन्हें विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने मिलकर मल्हार का गायन किया, जिससे आयोजन में सावन की पारंपरिक मिठास घुल गई। गीत-संगीत, मनोरंजक गतिविधियों और आपसी मेल-मिलाप ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सदस्यों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और देश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर यूनिट डायरेक्टर सोनल अग्रवाल, अध्यक्षा कीर्ति दुशाद, डीओएफ उषा, वाइस प्रेसिडेंट ऋचा अग्रवाल, शालिनी माहेश्वरी, शशि बाला अग्रवाल, रश्मि, मुक्ति, रिया बत्रा, रीमा एवं प्राची सहित ग्रुप की अन्य सदस्य मौजूद रहीं और सभी ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।









