
हाथरस 16 अगस्त। परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली तीन सगी बहनों को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सकुशल खोज निकाला। सदर कोतवाली के लाला का नगला से तीनों बहनें बस से आगरा और फिर मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस तुरंत एक्शन में आई। हाथरस पुलिस ने CCTV और GRP की मदद से लोकेशन ट्रेस की और मध्य प्रदेश के बीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से तीनों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी अजीज ने 15 अगस्त को पुलिस को सूचना दी कि उसकी तीन बेटियां, जिनकी उम्र करीब 18 वर्ष, 17 वर्ष और 7 वर्ष है, सुबह करीब 7 बजे मदरसे में एडमिशन के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चलने पर पिता की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस ने तीनों बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया। साथ ही सर्विलांस सेल और एंटी थेफ्ट टीम को भी लगाया गया। पुलिस टीमों ने बच्चियों की फोटो लेकर आसपास के ग्रामों और मोहल्लों में तलाश की। बस स्टैंड, बाजार समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पूछताछ की गई। इसके अलावा बच्चियों की फोटो विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर उनकी तलाश की गई। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ सर्विलांस और तकनीकी इनपुट के माध्यम से भी जानकारी जुटाई गई।
क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर की तीन पुलिस टीमों तथा एंटी थेफ्ट टीम की दो टीमों ने CCTV फुटेज को लगातार खंगाला। जांच के दौरान पता चला कि तीनों बच्चियां बस स्टैंड से बस में बैठकर आगरा की ओर गई थीं। पुलिस टीमों ने बस को ट्रेस करते हुए CCTV कैमरों की मदद से फाउंड्री नगर, आगरा तक उनका पीछा किया। फाउंड्री नगर डिपो के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में तीनों बच्चियां एक ऑटो में बैठकर जाती हुई दिखाई दीं। पुलिस टीमों ने ऑटो को ट्रेस किया तो उसकी लोकेशन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की ओर मिली। इसके बाद पुलिस टीमों ने आगरा पहुंचकर रेलवे स्टेशन की CCTV फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर उस ट्रेन को ट्रेस किया, जिसमें तीनों बच्चियां बैठी थीं। लगभग 300 CCTV कैमरों की फुटेज और तकनीकी इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस टीमों ने तीनों बच्चियों को GRP थाना बीना, भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बच्चियों की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने हाथरस पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया। वहीं, हाथरस पुलिस के इस सराहनीय एवं त्वरित कार्रवाई की शहरवासियों द्वारा भी प्रशंसा की जा रही है।











