
हाथरस 16 अगस्त। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशों के अनुपालन एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशन में 15 अगस्त को जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री एवं मदिरापान पर प्रभावी रोकथाम के लिए आबकारी टीम हाथरस तथा प्रवर्तन अलीगढ़ प्रभार अलीगढ़ की टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कैरोला चौराहा के आसपास स्थित ढाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान ढाबा संचालकों को अवैध रूप से मदिरा की बिक्री अथवा मदिरापान न कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कस्बा मेंढू क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों लव कुश, पदम सिंह तथा शेर सिंह उर्फ गंगू के घर नियमानुसार दबिश एवं जांच की कार्रवाई की गई। टीम द्वारा मौके पर अवैध रूप से मदिरा की बिक्री किए जाने के संबंध में जांच की गई तथा स्थिति संतोषजनक पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को अवैध मदिरा की बिक्री से दूर रहने के लिए निर्देशित किया गया। आबकारी विभाग की टीम ने उपस्थित लोगों को अवैध मदिरा की बिक्री या अन्य संबंधित गतिविधियों की सूचना तत्काल आबकारी अथवा पुलिस विभाग को देने के लिए विभागीय टोल-फ्री नंबर की जानकारी भी दी। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










