Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का गायन कर तिरंगे को सलामी दी। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ‘शहीदों के वतन पर जां लुटाकर हम भी देखेंगे’ और ‘ये वक्त न ठहरा है, ये वक्त न ठहरेगा’ जैसे देशभक्ति गीतों पर भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को भाव-विभोर कर दिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं एवं अध्यापिका को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह में जिलाधिकारी ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद जवानों के परिजनों को शॉल, पुष्पमाला एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया और उनके त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। इस दौरान धर्मगुरु डॉ. गणेश वशिष्ठ, ज्ञानी हरपाल सिंह एवं ब्रह्माकुमारी भावना बहन को भी सम्मानित किया गया। वहीं अपने दायित्वों का उत्कृष्ट एवं समर्पित भाव से निर्वहन करने पर कलेक्ट्रेट के आदेश वाहक शिव कुमार शर्मा एवं सफाई कर्मचारी विनोद कुमार को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समय के साथ शासन-प्रशासन आधुनिक और डिजिटल हो रहा है, लेकिन राष्ट्र का निर्माण अनुशासन, ईमानदारी और निष्ठा जैसे मूल्यों से होता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं समयबद्ध तरीके से समाधान करना होना चाहिए। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित विशाल तिरंगे को प्रगति एवं उपलब्धियों का प्रतीक बताया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस अपने कर्तव्यों के प्रति आत्ममंथन और नए संकल्प का अवसर भी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन के साथ सम्मान, संवेदनशीलता एवं विनम्रता से व्यवहार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट अर्चना शर्मा एवं जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर पेशकार प्रताप चौधरी, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के सचिव दीपक पचौरी, चौकी प्रभारी अमन मलिक, जीसी बबिता अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण, मीडिया प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न चौराहों, सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों, घरों, दुकानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराया गया तथा आकर्षक सजावट की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page