Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अगस्त। एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर शादी में करीब 25 लाख रुपये दहेज लेने, पति की नपुंसकता की बात छिपाने तथा लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 29 नवंबर 2018 को दिल्ली निवासी निखिल कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी से पहले रिंग सेरेमनी आगरा के होटल रमाडा में आयोजित हुई, जिसमें उसके पिता ने करीब 2.30 लाख रुपये खर्च किए तथा वर पक्ष को सोने की गिन्नी, अंगूठी और 30 हजार रुपये शगुन दिया गया। इसके बाद दिल्ली में तिलकोत्सव कार्यक्रम में 5.50 लाख रुपये नकद, दो सोने की गिन्नी, एक अंगूठी, एक लर और 32 हजार रुपये शगुन दिए गए। विवाह समारोह में एक किलो चांदी के बर्तन देने के साथ करीब 7.70 लाख रुपये में होटल बुक कराने की बात भी शिकायत में कही गई है। पीड़िता के मुताबिक, शादी में उसके पिता ने कुल करीब 25 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें 10 लाख रुपये जीपीएफ से निकाले गए और 15 लाख रुपये उधार लिए गए। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर पति के काम और आय को लेकर अलग जानकारी सामने आई। इसके बाद सास रमा देवी, ससुर महावीर सिंह और ननद अनुराधा कम दहेज और सस्ते कपड़े लाने का ताना देकर उसका मानसिक उत्पीड़न करने लगे। पीड़िता ने बताया कि गर्भधारण न होने पर भी ससुराल वाले उसे ही जिम्मेदार ठहराते थे। जांच कराने पर उसके स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण सामान्य पाए गए, जबकि पति के परीक्षण में नपुंसकता के लक्षण मिलने की बात सामने आई। पीड़िता का आरोप है कि पति की इस स्थिति की जानकारी शादी से पहले ससुराल पक्ष ने छिपाई थी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसा व्यवहार किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page