
हाथरस (मुरसान) 14 अगस्त। क्षेत्र के गांव पटाखास निवासी गोपाल ठेनुआ ने आरोप लगाया है कि बुधवार रात वह अपने खेत पर गाय भगाने गया था। उसके साथ मोहल्ले का युवक कान्हा भी था। आरोप है कि इसी दौरान चंद्रवीर पुत्र मनीराम, जग्गो पुत्र सोवाराम, राजवीर पुत्र सोवाराम, मनोज उर्फ सेठ पुत्र मुंशीलाल, कन्हैया सहित 10-12 लोग उसके खेत पर पहुंच गए। आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने गोपाल और उसके चाचा के बेटे कान्हा के साथ मारपीट शुरू कर दी। गोपाल का आरोप है कि एक आरोपी ने उसकी छाती पर कट्टा रख दिया और उसे जबरन अपने घर ले गए। वहां भी उसके साथ और कान्हा के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। गोपाल का कहना है कि चंद्रवीर की नाबालिग बेटी रुबी की शादी गांव लमतौरी, मथुरा निवासी बंटी से हुई थी। गोपाल के अनुसार घटना वाली रात करीब आठ बजे बंटी का भी उसके पास फोन आया और उसने जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बंटी भी अन्य लोगों के साथ मौजूद था।






