
हाथरस 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद में सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा व्यापारियों, राहगीरों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। पैदल गश्त के दौरान एसपी हाथरस रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कराया। स्टेशन परिसर, यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान डॉग स्क्वॉड टीम ने भी रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा जांच की। एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन समेत सभी महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर सतर्क निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और चॉकलेट, बिस्किट व अन्य उपहार देकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी। उन्होंने बुजुर्गों से भी संवाद कर उनका हालचाल जाना। एसपी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट सहित पुलिस बल मौजूद रहा। हाथरस पुलिस ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।






