Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 अगस्त। सहपऊ थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में किशोरी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी विनीत कुमार और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को फिरोजाबाद निवासी रामवीर सिंह ने थाना सहपऊ में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन रीना देवी की शादी वर्ष 2006 में रामपुर निवासी विनीत कुमार के साथ हुई थी। रीना देवी की वर्ष 2020 में मृत्यु हो गई थी। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें करीब 17 वर्षीय बेटी और दो बेटे शामिल हैं। तहरीर के अनुसार रीना देवी की मृत्यु के बाद विनीत कुमार ने दूसरी महिला से शादी कर ली। आरोप है कि इसके बाद विनीत कुमार और उसकी दूसरी पत्नी द्वारा किशोरी और उसके दोनों भाइयों के साथ मारपीट एवं मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। किशोरी ने पूर्व में भी अपने मामा रामवीर सिंह को मारपीट और उत्पीड़न की जानकारी दी थी। वादी ने विनीत कुमार और उसकी पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।

पुलिस के मुताबिक 5 अगस्त को किशोरी के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इसके बाद 6 अगस्त को किशोरी ने रामपुर स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली। घटना के संबंध में रामवीर सिंह की तहरीर के आधार पर थाना सहपऊ में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी सहपऊ को निर्देश दिए। इसके बाद सहपऊ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित मुकदमे में नामजद आरोपी विनीत कुमार पुत्र मनोहर लाल निवासी रामपुर, थाना सहपऊ और एक महिला आरोपी को गांव रामपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में थाना सहपऊ पर मु0अ0सं0 149/26, धारा 108 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page