
हाथरस 11 अगस्त। कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। आज को सदर कोतवाली क्षेत्र के तालाब चौराहे पर शराब ठेके के आसपास खुलेआम शराब पी रहे लोगों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें खदेड़ दिया। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सदर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि कांवड़ियों के मुख्य मार्ग पर स्थित तालाब चौराहे के पास कुछ लोग खुलेआम बैठकर शराब पी रहे हैं। सूचना मिलते ही सीओ सदर हिमांशु माथुर और कोतवाल सत्येंद्र सिंह राघव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर शराब पी रहे हुड़दंगियों में हड़कंप मच गया और वे इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आसपास के दुकानदारों और शराब ठेका संचालक को कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक भावनाओं का सम्मान बेहद जरूरी है। किसी भी स्थिति में खुले में शराब बिक्री या पिलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियम का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।






